नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बड़वानी की छमाही बैठक एवं शील्ड पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न।

बड़वानी। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) 23 जुलाई 2026/नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बड़वानी की छमाही बैठक का आयोजन आरसेटी, बड़वानी के सभागार में बैंक ऑफ इंडिया, धार अंचल के आंचलिक प्रबंधक अखिलेश कुमार तथा अग्रणी जिला प्रबंधक एवं नराकास अध्यक्ष वरुण चावड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक के प्रारंभ में अपने स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष वरुण चड्ढा ने सभी सदस्य कार्यालयों का हार्दिक स्वागत करते हुए राजभाषा कार्यों में उनके निरंतर सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजभाषा केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक दक्षता एवं जनसंपर्क का एक प्रभावी माध्यम भी है और विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी सदस्य कार्यालय इसी प्रकार मिल-जुलकर राजभाषा कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे, तो भविष्य में नराकास बड़वानी को गृह मंत्रालय द्वारा देश के उत्कृष्ट नराकासों में स्थान प्राप्त होगा।

आंचलिक प्रबंधक अखिलेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि नराकास की वास्तविक शक्ति उसके सभी सदस्य कार्यालयों की सामूहिक सहभागिता एवं समन्वित प्रयासों में निहित है और उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों से गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा राजभाषा कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने का आह्वान किया। नराकास बड़वानी के सचिव श्री प्रतीक सिंह ने सभी सदस्यों की जानकारी हेतु नराकास बड़वानी की स्थापना वर्ष 2019 से लेकर अब तक किए गए विभिन्न राजभाषा संबंधी कार्यों, आयोजनों, प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं सदस्य कार्यालयों के सहयोग से प्राप्त उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की स्थिति से सभी सदस्यों को अवगत कराया।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट राजभाषा कार्य करने वाले सदस्य कार्यालयों को नराकास शील्ड पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, द्वितीय स्थान बैंक ऑफ महाराष्ट्र तथा तृतीय स्थान पंजाब नेशनल बैंक एवं प्रोत्साहन पुरस्कार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को प्रदान किए गए। उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ भविष्य के संकल्प के साथ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बड़वानी द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!