
पानसेमल। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे के सतत प्रयासों से पलसुद नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित मूल बजट अनुमान में योजना क्रमांक 6841 के अंतर्गत पलसुद नगर परिषद बाईपास निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत 3.22 किलोमीटर लंबा बाईपास मार्ग लगभग 15.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। इस स्वीकृति के साथ ही पलसुद नगर की सबसे बड़ी यातायात समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त हो गया है।ज्ञातव्य है कि पलसुद नगर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी एवं छोटे वाहन गुजरते हैं, जिससे नगर में लगातार जाम की स्थिति, दुर्घटनाएं तथा आमजन को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। यह समस्या वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही थी। विधायक श्याम बरडे ने इस जनहितैषी मांग को गंभीरता से लेते हुए नागलवाड़ी में आयोजित कृषि कैबिनेट बैठक एवं भगौरिया हाट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। इसके पश्चात उन्होंने लगातार मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के समक्ष इस योजना की स्वीकृति के लिए निरंतर प्रयास किए, जिसका सकारात्मक परिणाम आज क्षेत्र को प्राप्त हुआ।वर्तमान में विधायक श्री बरडे मानसून सत्र में भाग लेने के लिए भोपाल प्रवास पर हैं। जैसे ही भोपाल से योजना की स्वीकृति का समाचार पलसुद पहुंचा, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने दूरभाष के माध्यम से विधायक श्री बरडे को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विधायक श्याम बरडे ने कहा”मेरा संकल्प है कि पानसेमल विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े। जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान ही मेरी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।”क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर विधायक श्याम बरडे का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बाईपास क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं यातायात विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव कहते हैं ,विकास ही वह माध्यम है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक अवसर, सुविधा और समृद्धि पहुंचाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का” संकल्प है कि मध्य प्रदेश का विकास गांव-गांव तक पहुंचे और प्रत्येक क्षेत्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
