
बड़वानी। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) 21 जुलाई 2026/प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बडवानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 70 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण समय सीमा में और प्रभावी ढंग करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को अपने शिकायत एवं समस्या का निराकरण प्राप्त हो सके।
दिलवाई जाये आर्थिक सहायता राशि जनसुनवाई में ग्राम तलून खुर्द निवासी सुरसिंग पिता फेरांग्या ने आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र मोरवी गुजरात में मजदूरी करने गया था, जहां पर 03 जुलाई 2025 को तालाब में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई है। अतः शासन के नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि दिलवाई जाये। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर ने आवेदन में तहसीलदार बड़वानी को जांच एवं प्रतिवेदन बनाने हेतु निर्देश दिये।
अनुग्रह सहायता राशि दी जाये जनसुनवाई में श्रीमति बसंतीबाई बड़ोले ने आवेदन देकर बताया कि उनके पति अमरसिंह बड़ोले नगर परिषद अंजड़ में भृत्य के पद पर कार्यरत थे। उनके पति की 27 अक्टूबर 2025 को मृत्यु हो गई हैं, पति की मृत्यु के पश्चात् मिलने वाली अनुग्रह सहायता की राशि हेतु उन्होने वर्ष 2025 के दिसम्बर माह में आवेदन दिया परन्तु अभी तक उन्हे 1 लाख 25 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्राप्त नही हुई है और ना ही विभाग द्वारा उन्हे अनुकंपा नियुक्ति दी गई, तथा उन्हे एनपी की राशि भी नही दी गई। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने आवेदन में सीएमओ अंजड़ को निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
स्कूल द्वारा नही दिया जा रहा है दाखिला जनसुनवाई में ग्राम नलवाय निवासी दिलीपसिंह तोमर ने आवेदन देकर बताया कि उनके पुत्र पियुष तोमर एवं टिनुश तोमर जागृति हाई स्कूल तलवाड़ा डेब में अध्ययनरत हैं। प्रवेश के समय स्कूल वालों के द्वारा बीपीएल राशनकार्ड धारक होने से निःशुल्क भर्ती किया गया। स्कूल वालों के द्वारा कहा गया कि किसी भी प्रकार की कोई फीस नही लगेगी आपको मात्र बस की फीस देना होगी। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नही होने के कारण वे बस की फीस एवं प्रायवेट स्कूल की महंगी किताबे नही ले पा रहे है। अतः उन्होने निर्णय लिया कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में भर्ती करायेंगे। जब वे दाखिले के लिए जागृति हाई स्कूल गये तो स्कूल वालों ने उन पर 35 हजार रुपये की बकाया फीस बताते हुए दाखिला नही दिया गया। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर ने आवेदन डीपीसी को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
बच्चों का करवाया जाये शाला में प्रवेश जनसुनवाई में ग्राम भादल निवासी हुलिया पिता कहारिया, नानका पिता गुलसिंग तथा गुंजारिया पिता दूरसिंग ने आवेदन देकर बताया कि उनके तीनों के बच्चों ने कक्षा 5वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। आगे की पढ़ाई के लिए उनके गांव में शाल नही होने के कारण बच्चों को बाहर भेजना पड़ता है। अतः उनके बच्चों का प्रवेश ऐसी शाला में करवाया जाये जहां पर छात्रावास की भी सुविधा हो जिससे कि बच्चे पढ़लिखकर आगे बढ़ सके। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने आवेदन को सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भेजकर बच्चों का शाला में प्रवेश करवाने हेतु निर्देशित किया।
