
बड़वानी । ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) 04 अगस्त 2026/ प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 62 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियत समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
विकलांगता पेंशन संबंधी आवेदन तहसील वरला की ग्राम पंचायत बलवाड़ी के निवासी रामचंद्र पिता परभा राठौड़ एवं उनकी पत्नी सरिताबाई राठौड़ ने पिछले 5 महीनों से विकलांगता पेंशन न मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने उक्त आवेदन सीईओ जनपद पंचायत सेंधवा को प्रेषित कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
बिजली के तारों को हटाने संबंधी आवेदन नवलपुरा चर्च के पास रहने वाली रेखा पति राकेश ने अपने निर्माणाधीन मकान व प्लॉट के ऊपर से गुजर रही एल.टी. विद्युत लाइन के नग्न तारों को हटाने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर ने प्रकरण म.प्र. पूर्व क्षेत्र/पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को अंकित कर स्थल निरीक्षण उपरांत समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आवास योजना की प्रथम किश्त हेतु आवेदन तहसील राजपुर के ग्राम एकलबारा निवासी जामसिंह ब्राह्मणे ने दो वर्ष पूर्व दस्तावेज जमा करने के बाद भी पीएम आवास योजना की पहली किश्त जारी न होने की समस्या रखी। डिप्टी कलेक्टर श्री शक्ति सिंह चौहान ने उक्त आवेदन सीईओ जनपद पंचायत राजपुर को प्रेषित कर शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।जमीन की मेड़ (सीमांकन) दुरुस्ती हेतु आवेदन ग्राम बड़वानी निवासी जयप्रकाश पिता अशोक कुमरावत ने पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक की उपस्थिति में खसरा क्रमांक 54/3 की मेड़ को भू-नक्शे के अनुसार सही कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। डिप्टी कलेक्टर श्री शक्ति सिंह चौहान ने उक्त आवेदन तहसीलदार बड़वानी को नियमानुसार कार्रवाई हेतु प्रेषित किया है।
