
MP खेतिया। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) नगर परिषद खेतिया द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी ईश्वर महाले के निर्देशानुसार में नगर के समस्त वार्डों एवं प्रत्येक गली-मोहल्ले में मच्छरों की रोकथाम एवं मौसमी बीमारियों से नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से नियमित रूप से मच्छररोधी दवाई का छिड़काव कराया जा रहा है।इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद की टीम द्वारा वार्डवार भ्रमण कर सभी प्रमुख मार्गों, आवासीय क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों तथा मच्छरों की संभावित उत्पत्ति वाले स्थानों पर ट्रैक्टर स्प्रे मशीन के द्वारा दवाई का छिड़काव किया जा रहा है। यह कार्य निरंतर एवं सुनियोजित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।नगर परिषद द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी का जमाव न होने दें, कूलर, टंकियों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें। जनसहभागिता एवं नियमित छिड़काव के माध्यम से ही मच्छरजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।नगर परिषद खेतिया नागरिकों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति प्रतिबद्ध है तथा आगामी दिनों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
