
बड़वानी । ( प्रधान संपादक रविन्द्र सोनिस ) नागपंचमी पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम। डीआईजी निमाड़ रेंज और एसपी बड़वानी ने बल को ब्रीफिंग देकर नागलवाड़ी शिखर धाम का किया निरीक्षण। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश। नागपंचमी पर्व (17 अगस्त 2026) के पावन अवसर पर थाना नागलवाड़ी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध नागलवाड़ी शिखर धाम में श्रद्धालुरिम की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।

तैयारियों का अंतिम जायजा लेने हेतु डीआईजी निमाड़ रेंज (खरगोन) शिमाला प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने रविवार को नागलवाड़ी शिखर धाम परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग दी तथा पर्व को शांतिपूर्ण व सुगम बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मुख्य निर्देश: संवेदनशीलता व सतर्कता: ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए मुस्तैदी से कार्य करें। भीड़ व यातायात प्रबंधन: मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर सुगम यातायात, सुव्यवस्थित पार्किंग तथा भीड़ नियंत्रण हेतु बेहतर समन्वय बनाया जाए। महिला सुरक्षा व निगरानी: महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु विशेष टीम तैनात रहेगी। इसके साथ ही संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आपातकालीन तैयारी: किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्यदल और चिकित्सा/आपदा सहायता व्यवस्था को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति:स्थल निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, एसडीओपी/डीएसपी (महिला सुरक्षा) महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर बी एल आटोदे डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर डीएसपी चेतनसिंह बघेल, रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा सिसोदिया, यातायात थाना प्रभारी रजनी भार्गव, थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटिल, सूबेदार अलका वास्केल मंदिर के पुजारी राजेंद्र बाबा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

