
बड़वानी। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर) मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में जिला पेंशनर्स एसोसिएशन, बड़वानी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखना था।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, कोतवाली थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन एवं जिला साइबर एक्सपर्ट श्री रितेश खत्री ने उपस्थित पेंशनर्स को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, निवेश एवं लोन फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी तथा अन्य ऑनलाइन साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इनसे बचाव के सरल एवं प्रभावी उपाय भी बताए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल का संदेश पेंशनर्स तक पहुंचाते हुए कहा गया कि “आपके जीवनभर की कमाई आपकी सबसे बड़ी पूंजी है। थोड़ी-सी सावधानी और डिजिटल सतर्कता आपको साइबर अपराधियों से सुरक्षित रख सकती है। किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा हर कदम सोच-समझकर उठाएं।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, मोबाइल एप्लीकेशन अथवा सोशल मीडिया संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी, सीवीवी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा साइबर क्राइम पोर्टल एवं निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि “सोचें, जांचें और फिर करें कार्रवाई” ही साइबर सुरक्षा का सबसे प्रभावी मंत्र है। साथ ही सभी पेंशनर्स से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाया जा सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, कोतवाली थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन, जिला साइबर एक्सपर्ट श्री रितेश खत्री, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही जिला पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विजय कुमार जैन, श्री राधेश्याम पाटीदार, डॉ. अब्दुल रशीद पटेल, श्री राजेंद्र तिवारी, डॉ. विष्णु शर्मा, श्री विनोद चौहान सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
बड़वानी पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
बड़वानी पुलिस की अपील “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें। आपकी सजगता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”
