

बड़वानी। ( रविन्द्र सोनिस कि खबर ) 16 जून 2026/ प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बडवानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 54 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण समय सीमा में और प्रभावी ढंग करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को आसानी हो। आवास योजना का दिलवाया जाये लाभ
जनसुनवाई में रणगांव के शिंदियापानी फल्या निवासी श्रीमति मडीबाई पति नवलसिंह ने आवेदन देकर बताया कि वे जन्म से ही ग्राम रणगांव की निवासी है । उन्हें सरपच एवं सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वृद्धावस्था का लाभ से वंचित किया जा रहा है। वे उन्हें कई बार बता चुकी है कि वे इसी ग्राम की निवासी है पर वे मानने को तैयार नहीं हो रहे है। अतः उन्हे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास एवं वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जाये। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती सिंह ने आवेदन को जनपद पंचायत ठीकरी के सीईओ को भेजकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलवाया जाये
जनसुनवाई में ग्राम तलुनखुर्द निवासी श्रीमती संगीताबाई पति गजानंद ने आवेदन देकर बताया कि उन्हें अभी तक लाड़ली बहना योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है। अतः मुझे लाड़ली बहना योजना की राशि दिलवाने की कृपा करें । इसी पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने उक्त आवेदन जनपद पंचायत सीईओ बड़वानी को भेजकर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये ।
तीन पहिया मोटर सायकल दिलवाई जाये
जनसुनवाई में ग्राम बघाड़ी निवासी पूजा पिता लालसिंह मकवाने ने आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2025 में दुर्घटना के कारण एक पैर काट दिया गया है। जिसके कारण 80 प्रतिशत दिव्यांगता की श्रेणी में आती है। उन्हें रोजमर्रा व बाहर के कार्यो के लिये परेशानियो का सामना करना पड़ता है। इसलिये मुझे शासन की किसी योजनान्तर्गत अगर तीन पहिया मोटर सायकिल वाहन की सहायता दिलवाई जाये। जिससे वे आने जाने में स्वयं सक्षम हो जाये । इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती सिंह ने आवेदन को सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक को भेजकर कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता के रूप में आवेदिका को बैसाखी वितरित की गई, साथ ही शीघ्र ही तीन पहिया मोटर सायकल उपलब्ध कराने हेतु आश्वस्त किया गया।
उचित मूल्य का राशन दिलवाया जाये
जनसुनवाई में ग्राम मेणीमाता निवासी विकलांग सुश्री श्याणीबाई पिता प्रेमचन्द्र ने बताया कि उन्हें शासकीय उचित मूल्य मेणीमाता के सेल्समेन द्वारा शासन से मिलने वाला खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। वे खाद्यान्न लेने जाती है तो उन्हें खाद्यान्न नही देकर वापस भेज दिया जाता है। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आवेदन को आपूर्ति अधिकारी के भेजकर आवेदन का परीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये ।
